युवक ने की आत्महत्या, पारिवारिक विवाद से था परेशान
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के अंतर्गत अगाहपुर गांव में एक व्यक्ति ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कार्तिक मंडल (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलरूप से कोलकाता, पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और नोएडा में एक फैक्ट्री में काम करता था। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, कार्तिक मंडल अपनी पत्नी के साथ अगाहपुर में किराए के मकान में रह रहा था। दोनों की शादी को लगभग 5 से 6 वर्ष हो चुके थे। बताया जा रहा है कि कार्तिक का सोमवार को अपनी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद बहन वहां से चली गई। इसी दौरान कार्तिक की पत्नी भी मायके चली गई थी, जो घर से कुछ ही दूरी पर है।
जब पत्नी शाम को घर लौटी तो उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजे की कुंडी तोड़ दी। अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए, कार्तिक पंखे से लटका हुआ था।
सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारा गया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक तनाव और घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। थाना सेक्टर-49 प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिवारजनों को सूचना दे दी गई है। इस मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्तिक स्वभाव से शांत था, लेकिन बीते कुछ दिनों से तनाव में दिख रहा था।