महिला ने दोस्ती का उठाया फायदा, 2 दिन घर में रहकर बच्चा लेकर फरार
धोखाधड़ी का लंबा इतिहास
Bareilly बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाकर एक मासूम बच्चे को लेकर फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला बिंदा उर्फ रंजना को गिरफ्तार कर लिया। मामला हरदोई जिले के मिरगवां गांव निवासी सुनभला कुमारी से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि 17 मार्च को वह अपने 9 महीने के बेटे अरुण के साथ घर से निकली थीं। बस यात्रा के दौरान महिला ने उनकी टिकट खरीदी और दोस्ती कर ली। सुनभला ने भरोसा करते हुए आरोपी महिला के साथ उनके घर चली गई। दो दिन बाद आरोपी महिला ने बच्चे को लेकर बहाना बनाकर फरार हो गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के खनी नवादा गांव से उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय उसके पास दो बच्चे बरामद हुए, जो उसके अपने नहीं थे। पूछताछ में पता चला कि आरोपी महिला ने तीन शादियां की हैं। तीसरे पति गुड्डू ने खुलासा किया कि पिछले छह साल में उनके तीन बच्चे हुए, लेकिन महिला हर बार मायके चली जाती थी और बच्चों के बारे में अलग कहानी बताती थी। पुलिस को शक है कि उसने अपने असली बच्चों के साथ कुछ अनैतिक किया हो सकता है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी महिला के पूर्व पतियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। यह मामला न केवल बच्चों की सुरक्षा, बल्कि महिला द्वारा भरोसे का दुरुपयोग करने वाले अपराधों पर भी ध्यान आकर्षित करता है। पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की पूरी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।