अर्थी में थी होने वाली पत्नी, रो रो कर मंगेतर ने भरा सिंदूर

पढ़े पूरी खबर

Update: 2025-06-16 01:53 GMT

यूपी। जिंदगी का हसीन सफर शुरू होने से पहले ही होने वाले हमसफर का साथ छूट गया। सगाई के बाद दोनों की आंखों में ढेरों अरमान पल रहे थे। पांच महीने बाद शादी होनी थी, लेकिन विवाह के बंधन में बंधने से पहले ही युवती की सांसों की डोर टूट गई। होने वाली पत्नी को इस तरह रुखसत होते देख मंगेतर की दुनिया उजड़ गई। फिर उसने जो फैसला लिया, उससे हर कोई हैरत में पड़ गया। जीते जी जो अरमान पूरे न हुए, उसे मरने के बाद निभाने की उसने इच्छा जताई। परिजनों की रजामंदी लेकर अंतिम संस्कार से पहले उसने युवती को सिंदूरदान किया। समर्पण की यह अनूठी घटना महराजगंज जिले की है। इस शादी की चहुंओर चर्चा है।

निचलौल कस्बे के रहने वाले पारस की पुत्री प्रियंका (उम्र 22 वर्ष) की शादी कस्बे के ही युवक सन्नी मद्धेशिया से कुछ महीने पहले तय हुई थी। सगाई के बाद नवंबर में शादी की तिथि भी तय हो गई थी। अचानक संदिग्ध हालात में युवती की मौत हो गई।

रविवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव उसके आवास पर लाया गया। दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हुए। इस बीच मंगेतर सन्नी ने युवती की मृत देह से ही विवाह की इच्छा जताई। परिजनों की सहमति पर सिंदूरदान कर शादी की रस्म पूरी की। एसओ अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि युवती की मौत अज्ञात कारणों से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। वर और वधू पक्ष की शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। मैरेज हाउस से लेकर टेंट और बारात जाने के लिए गाड़ियों तक की बुकिंग हो चुकी थी। इस बीच अचानक हुए घटनाक्रम से दोनों घरों में मातम छा गया। दोनों परिवारों के अरमान अधूरे रह गए। शनिवार की रात प्रियंका अपने घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में संदिग्ध हाल में मृत पाई गई। हालांकि, परिजन उसे अस्पातल ले गए, लेकिन सांसें थम चुकी थीं।

Tags:    

Similar News

null