पतलीकूहल। कुल्लू-मनाली की हसीन वादियों में इन दिनों सुहावने मौसम ने पर्यटन को नई रौनक दे दी है। आसमान में बादलों की अठखेलियां, पहाड़ों की खूबसूरती, हरे-भरे जंगल और दूर तक फैली पर्वतमालाओं का कुदरती श्रृंगार पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। मौसम के खुशनुमा मिजाज के बीच मैदानी क्षेत्रों से पर्यटकों के कुल्लू-मनाली पहुंचने का सिलसिला जारी है। सैलानी यहां की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने के साथ-साथ साहसिक गतिविधियों का भी भरपूर आनंद उठा रहे हैं। ब्यास नदी की कलकल करती धारा और उसके आसपास की मनमोहक वादियां पर्यटकों को खासा लुभा रही हैं। नदी में रिवर राफ्टिंग का रोमांच महसूस करने के लिए सैलानी उत्साहित नजर आ रहे हैंए वहीं आसमान में रंग.बिरंगे पैराग्लाइडिंग पैराशूट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
ऊंचाई से घाटी की खूबसूरती को निहारने का अनुभव सैलानियों के लिए यादगार बन रहा है। कटराईं सहित घाटी के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर साहसिक पर्यटन गतिविधियों से रौनक बढऩे लगी है। कुल्लू-मनाली की पहचान यहां की बर्फ से ढकी ऊंची चोटियों, देवदार के घने जंगलोंए बहती नदियों और शांत वादियों से है। बदलते मौसम के बीच पर्वतमालाओं का नजारा पर्यटकों को कैमरे में कैद करने के लिए मजबूर कर रहा है। कोई परिवार के साथ प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले रहा है तो कोई दोस्तों के साथ यादगार तस्वीरें खिंचवा रहा है। पर्यटन स्थलों पर चहल.पहल बढऩे से स्थानीय कारोबारियों, टैक्सी चालकों, होटल संचालकों और साहसिक पर्यटन से जुड़े लोगों को भी कारोबार बेहतर होने की उम्मीद बंधी है। कारोबार मुख्यता मौसम पर निर्भर करता है।
Tags: