थाने में चोर ने खुद पर किया हमला, सिर दीवार पर पटका और हो गया लहूलुहान
चोरी के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने खुद को धारदार हथियार से घायल कर दिया
चोरी के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने खुद को धारदार हथियार से घायल कर दिया। खुद का सिर दीवार पर पटका और लहूलुहान हो गया। पुलिस भी देखकर हैरान हो गई। बाद में उसका उपचार करवाया।
दरअसल जीवाजीगंज थाना पुलिस ने रोहित पिता गोपाल और विनोद पिता सुरेंद्र को पकड़ा था। इन पर चोरी का इल्जाम था। दोनों मंगलनाथ मार्ग स्थित महर्षि सांदीपनि के आश्रम में चोरी करने घुसे थे। लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। पकड़े गए दोनों ही आरोपी नशे के आदी हैं। पकड़ने के बाद पुलिस दोनों को थाने लेकर आई। यहां इनसे पूछताछ की गई। बाद में दोनों को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जाने लगा। इसी बीच आरोपी रोहित ने थाने के अंदर ही दीवार पर खुद का सिर पटका। इससे खून बहने लगा। बाद में किसी धारदार चीज से खुद का गला काटा। उसके साथ बैठे आरोपी विनोद ने शोर मचाया तो पुलिस दौड़ी। रोहित के सिर व गर्दन के पास से खून बहता देख पुलिस भी घबरा गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया। कहा गया कि आरोपी ने ब्लेड से खुद का गला काटा लेकिन पुलिस का कहना है कि उसके पास से ब्लेड नहीं मिली। उसने खुद को कैसे घायल किया यह पूछताछ के बाद पता चलेगा। यह भी कहा जा रहा है कि नशे का आदी होने के कारण आरोपी युवक ने ऐसा किया होगा। इस घटना से पुलिस की चिंता भी बढ़ गई है क्योंकि नशे के आदी युवक को लॉकअप में रखना भी जोखिमभरा है।