Bihar बिहार: सहरसा जिले में बीजेपी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर बम्फर चौक के पास वार्ड नंबर-15 में बंद कमरे से उनका शव बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, अभिजीत सिंह राजपूत एक पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौटे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसके बाद कमरे में ही उनकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को कमरे के अंदर छोड़कर बाहर से गेट पर ताला लगा दिया गया था। करीब दो दिन तक शव कमरे में पड़ा रहा। घटना का खुलासा तब हुआ, जब अभिजीत का दोस्त आर्यन वहां पहुंचा। उसने देखा कि घर के बाहर ताला लगा हुआ है। शक होने पर उसने खिड़की से अंदर झांका तो कमरे में अभिजीत का शव दिखाई दिया। इसके बाद उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ताला खुलवाकर कमरे के अंदर से शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेरहमी से हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि अभिजीत की हत्या देर रात की गई। पुलिस ने बताया कि मृतक के मुंह पर तकिया रखा हुआ था। आशंका है कि तकिया रखकर गोली मारी गई। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और पूरी घटना पोस्टमार्टम रिपोर्ट व वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पैसों के विवाद का एंगल
प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय कमरे में कौन मौजूद था और हत्या के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश
बीजेपी युवा मोर्चा नेता की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। जल्द ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।
Tags: