शुभ मुहूर्त में रस्में नहीं हुई पूरी, लड़के वालों ने शादी से किया इनकार, दूल्हा समेत पूरी बारात बंधक

पढ़े पूरी खबर

Update: 2024-04-27 14:39 GMT
आजमगढ़:लड़की वालें की एक गलती की वजह से लड़के वालों ने शादी से इनकार कर दिया। मामला देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुआ कला रामपुर गांव क है। यहां शुक्रवार की रात शुभ मुहूर्त में रस्में पूरी न होने पर वर पक्ष ने शादी तोड़ दी। इससे आक्रोशित घरातियों के साथ रिश्तेदारों ने दूल्हा समेत बरातियों को बंधक बना लिया। सूचना पाकर शनिवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने बंधक बने बरातियों को छुड़ाया। मामले को लेकर शाम तक पुलिस चौकी पर पंचायत होती रही। बाद में लड़का पक्ष शादी करने के लिए तैयार हुआ, लेकिन फिर दुल्हन ने इनकार कर दिया।
जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन खल्लोपुर गांव निवासी विमल राजभर के पुत्र राहुल राजभर की शादी देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुआ कला रामपुर निवासी गणेश राजभर की पुत्री रूपकला के साथ तय हुई थी। शुक्रवार रात बरात लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंची। लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों की आवाभगत की। हंसी-खुशी के साथ द्वारपूजा और जयमाल की रस्म अदा हुई। दूल्हे के पिता का कहना है कि बारात आने के बाद उन्होंने लड़की के पिता को कई बार सूचना दी कि शादी का शुभ मुहूर्त रात दो बजे तक ही है। इसके अंदर शादी संपन्न हो जानी चाहिए। बार-बार कहने के बाद भी लड़की पक्ष के लोगों ने ध्यान नहीं दिया। जिसके चलते शुभ मुहूर्त बीत गया। इससे नाराज वर पक्ष ने विवाह करने से इनकार कर दिया।
कन्या पक्ष के लोगों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मानने के लिए तैयार नहीं हुए। इससे आक्रोशित लड़की पक्ष ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर दूल्हा राहुल राजभर, उसके पिता विमल राजभर, बाबा बनकू, बड़े बाबा तिलकू राजभर समेत बारातियों को बंधक बना लिया। खबर पाकर दूसरे दिन शनिवार को पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे पल्हना चौकी प्रभारी सुल्तान सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बंधक बनाए गए बारातियों को छुड़ाने के बाद उन्हें अपने साथ लेकर पुलिस चौकी आ गई। मामले को लेकर देर शाम तक पुलिस चौकी में पंचायत चलती रही। चौकी प्रभारी ने बताया कि काफी समझाने के बाद लड़का पक्ष शादी करने के लिए तैयार हो गया, लेकिन अब लड़की व उसके पिता शादी करने से इनकार कर रहे हैं। अगर समझौता नहीं हुआ तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News