सिरोही। सिरोही स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के खाखरवाडा में एक महिला की घरेलू विवाद के चलते पीट-पीट कर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के खाखरवाड़ा गांव में घरेलू विवाद के चलते दिनेश गर्ग ने अपनी पत्नी गीता की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद भी वह गीता को इलाज के लिए अस्पताल लेकर नहीं गया, इसके चलते बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
गीता की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन आशुराम पुत्र धीराराम गर्ग भीनमाल से स्वरूपगंज पहुंचे, उन्होंने स्वरूपगंज पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि दिनेश आए दिन गीता को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था तथा इसी के चलते उसने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी है। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया था जिसे बाद में स्वरूपगंज पुलिस उसे दस्तयाब कर थाने ले आई तथा पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार दोपहर को स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल में पेश कर उसकी मेडिकल जांच करवाई, तथा वहां से पिंडवाड़ा न्यायालय में पेश किया। इसके पूर्व पुलिस आरोपी को शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर मौका तस्दीक के लिए ले गई, मौका तस्दीक के दौरान पुलिस ने आरोपी से वापस पूछताछ की। मौका तस्दीक तथा आरोपी से अंतिम पूछताछ के पश्चात पुलिस उसे लेकर वापस स्वरूपगंज थाने लौट गई।
स्वरूपगंज थाने में एक महिला ने अपने सास-ससुर पर प्रताड़ित कर घर से बेदखल करने का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि शादी के 3 महीने बाद उसके गर्भवती होने से नाराज पति उसे छोड़कर चला गया। महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। स्वरूपगंज पुलिस थाने में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी करीब 10 महीने पहले करणनाथ पुत्र सामूजनाथ निवासी गोलियां धनारी के साथ हुई थी। शादी के बाद केवल 3 महीने तक पति ने उसे ठीक से रखा, लेकिन बाद में वह गर्भवती हो गई, तो उसका पति कहने लगा कि अभी तो शादी हुई है और इतनी जल्दी बच्चा मुझे नहीं चाहिए। उसे अबॉर्शन करवाने के लिए रोज धमकी देता रहा। जब वह अबॉर्शन करवाने के लिए तैयार नहीं हुई तो उसका पति उसके साथ मारपीट करके पूणे (महाराष्ट्र) भाग गया। उसके जाने के बाद ससुर समजू नाथ पुत्र गोरखनाथ और सास नगिया देवी उसे कहते हैं कि हमारा बेटा तो घर से भाग गया। अब तू यहां क्यों बैठी है। जिसके बाद महिला अपने पीहर चली गई। पिता ने सास-ससुर को समझने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मान रहे हैं। पिता ने शादी के समय उसे गहने कपड़े और गृहस्थी का सारा सामान दिया। वह उन लोगों ने हड़प लिया है। स्वरूपगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच स्वरूपगंज थाना अधिकारी हरि सिंह राजपुरोहित कर रहे हैं।