साथी को मगरमच्छ से बचाने नदी में झुंड ने छलांग लगा दी, एकता में शक्ति का ऐसा प्रदर्शन दिखाया...
मगरमच्छ को चारों ओर से घेर लिया.
नई दिल्ली: ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले से एक बेहद भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बंदरों के एक झुंड ने अपने घायल साथी को मगरमच्छ से बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी. यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के दिलों को छू रही है.
यह घटना केंद्रपाड़ा जिले के महाकालपाड़ा ब्लॉक की खरिनसी पंचायत की है. यहां घालिया नदी के किनारे करीब 12,000 एकड़ में फैला एक मैंग्रोव जंगल है, जो वन विभाग के संरक्षण में है। इस जंगल में हजारों बंदर रहते हैं.
जानकारी के मुताबिक, एक बंदर नदी किनारे पानी पी रहा था, तभी अचानक एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया. अपने साथी को खतरे में देखकर आसपास मौजूद अन्य बंदर तुरंत पेड़ों से नीचे उतर आए और नदी किनारे जमा हो गए.
घायल बंदर को बचाने के लिए बंदरों ने बिना डरे एक के बाद एक नदी में छलांग लगा दी. उन्होंने मगरमच्छ का पीछा किया और अपने साथी को बचाने की पूरी कोशिश की, भले ही इससे उनकी खुद की जान को खतरा था. पूरा झुंड नदी पार कर दूसरे किनारे तक पहुंच गया और मगरमच्छ को ढूंढने लगा.
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. लोग बंदरों की बहादुरी, एकजुटता और अपने साथी के प्रति प्यार की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
बंदरों का स्वभाव काफी समझदार, सामाजिक और भावनात्मक होता है. वे सिर्फ शरारती ही नहीं होते, बल्कि अपने झुंड और रिश्तों को लेकर बेहद सजग रहते हैं.बंदर अकेले नहीं रहते, बल्कि झुंड में रहना पसंद करते हैं. झुंड उनके लिए परिवार जैसा होता है, जहां हर सदस्य एक-दूसरे की मदद करता है. अगर किसी एक पर खतरा आता है, तो पूरा झुंड उसकी रक्षा के लिए आगे आ जाता है.
बंदर काफी बुद्धिमान होते हैं. वे चीजें सीख सकते हैं, याद रख सकते हैं और नई परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल लेते हैं. यही कारण है कि मुश्किल समय में वे मिलकर फैसले लेते हैं और एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ते. ओडिशा की यह घटना साबित करती है कि जानवरों में भी भावनाएं, एकता और बलिदान की भावना होती है, जो इंसानों को भी बहुत कुछ सिखा सकती है.