यूपी। गोरखपुर में प्रेमी से शादी तय न होने पर घर छोड़ने वाली युवती ने शुक्रवार को पिपराइच थाने में ही कीटनाशक पी लिया। पुलिस कुछ समझ पाती, तब तक युवती थाने से बाहर की ओर भागी। पुलिस ने पकड़ा तो उसने कीटनाशक पीने की बात कही। आनन-फानन में युवती को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने उसका मजिस्ट्रियल बयान भी करा दिया है, जिसमें उसने घरवालों पर प्रेमी की जगह किसी और शादी तय करने का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक, युवती की शादी घरवालों ने तय कर दी। 29 अप्रैल को उसकी शादी है। इस बीच आठ अप्रैल की शाम चार बजे के करीब वह घरवालों को बताए बिना कहीं चली गई। काफी तलाश के बाद घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मां की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस नामजद प्रेमी के घर पहुंची तो वह मौके पर मिल गया लेकिन उसने युवती के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।

पुलिस तलाश में जुटी थी कि शुक्रवार की दोपहर में युवती पिपराइच थाने पहुंच गई। उसने पुलिस को बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती है, लेकिन घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है। युवती ने कहा कि वह बालिग है। यह सुनने के बाद पुलिस ने युवती के परिजनों को भी थाने बुला लिया। घरवाले युवती को समझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह प्रेमी से शादी पर अड़ी थी। परिजनों के इनकार पर वह पुलिस की ओर बढ़ी और जेब में रखा होम्योपैथिक दवा की शीशी में रखा कीटनाशक पी लिया। कीटनाशक पीने के बाद वह सीधे बाहर की ओर दौड़ी तो पुलिस भी उसके पीछे भागी। वह थाने गेट पर उलटी करने लगी और पूछने पर उसने कीटनाशक पीने की जानकारी दी। सूचना पर एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र भी पहुंच गए और युवती की हालत में सुधार होने पर उसका मजिस्ट्रियल बयान कराया गया।

एसपी नार्थ, ज्ञानेंद्र ने कहा कि युवती ने जेब में रखा कीटनाशक को पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ी है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के साथ ही उसका मजिस्ट्रियल बयान दर्ज करा दिया गया है। युवती प्रेमी की जगह दूसरे से शादी तय होने से नाराज है।


Tags: