कागजी सर्टिफिकेट वाले नहीं, हुनरमंदों का होगा आने वाला वक्त: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश में एक दौर कागजी सर्टिफिकेट का रहा होगा, लेकिन अब वक्त तेजी से बदल रहा है और आने वाला समय कोट पैंट टाई पहनकर कागजी डिग्री लेकर घूमने वालों से ज्यादा हुनरमंद युवाओं का होगा। शनिवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने युवाओं में नया जोश और आत्मविश्वास भरा। उन्होंने कहा कि वे सुबह बंगाल में देश के पहले आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष के समारोह में शामिल हुए थे और उतने ही उमंग व उत्साह के साथ लखनऊ में आईटीआई के युवाओं के बीच आए हैं। प्रधानमंत्री ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि आईआईटी हो या आईटीआई, मेरे लिए दोनों एक समान हैं, क्योंकि यही मेरे देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सांसद के नाते देश भर से आए युवाओं का स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि जीवन की राह में वे कभी खुद को अकेला न समझें, प्रधानमंत्री सदैव उनके साथ खड़ा है।
मेरी अपील पर सोना कम खरीदा तो गिरे दाम
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में संसद में उन्होंने सरकारी कंपनियों यानी पीएसयू में निवेश की बात कही थी, जिसका लोगों ने मजाक उड़ाया, लेकिन निवेश करने वाले मालामाल हो गए। एक वर्ष पूर्व उन्होंने देशवासियों से अनावश्यक सोना न खरीदने का आग्रह किया था। देशवासियों ने उनकी बात मानी, सोना कम खरीदा और सोने के दाम टूट गए। आज लोग कहते हैं कि मोदी जी की बात मानकर उनके पैसे बच गए।
खाड़ी से दुनिया भर में भारतीय कारीगरों की मांग
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में हुनरमंदों की मांग तेजी से बढ़ने वाली है। सऊदी अरब, दुबई, अबू धाबी, कतर और कुवैत के शाही परिवार भारतीय कारीगरों के हुनर और परिश्रम को अपने आधुनिक शहरों के निर्माण का आधार बताते हैं। दुनिया के कई देश भारत के साथ समझौते कर हर साल 90 हजार से डेढ़ लाख तक आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं की मांग कर रहे हैं।
आक्रांताओं और मैकाले की मानसिकता ने छीना सम्मान
प्रधानमंत्री ने कहा कि आक्रांताओं ने भारत की समृद्धि नष्ट करने के लिए कारीगरों के अंगूठे काटे और अंग्रेजों के दौर में मैकाले ने ऐसी शिक्षा व्यवस्था थोपी, जिसने कौशल को कुचलकर केवल कागजी क्लर्क बनाने की मानसिकता पैदा की। समाज में आईटीआई में पढ़ने वाले बच्चों के प्रति संकोच का भाव पैदा हो गया। उन्होंने कहा कि इस सोच को बदलना होगा, क्योंकि बड़ी कंपनियां केवल डिग्रीधारकों से नहीं, बल्कि आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं की ताकत से चलती हैं। दादा धर्माधिकारी का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि व्यावहारिक कौशल ही जीवन को आगे बढ़ाता है।
एआई नहीं छीन सकता हुनरमंदों का रोजगार
प्रधानमंत्री ने कहा कि एआई के आधुनिक दौर में कौशल रखने वाले व्यक्ति का रोजगार कोई नहीं छीन सकता। कोविड महामारी के दौरान श्रमिकों के गांव लौटने पर हर परिवार को स्किल्ड मैनपावर का महत्व समझ आया। उन्होंने कहा कि अलग कौशल मंत्रालय बनाने और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने से कौशल विकास को सम्मान मिला है। मोबाइल फोन आयात करने वाला भारत आज अपने युवाओं के हुनर से मोबाइल बनाकर दुनिया भर में निर्यात कर रहा है। वर्ष 2014 के बाद एक दशक में करीब 5,000 नई आईटीआई बनीं, छात्रों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी और बेटियों की भागीदारी ढाई गुना हुई है।
पीएम सेतु पर खर्च हो रहे 60 हजार करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री ने बताया कि आईटीआई में एयरोनॉटिकल स्ट्रक्चर, एआई असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन, ग्रीन हाइड्रोजन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन व स्पेशल इफेक्ट्स और सेमीकंडक्टर जैसे 30 से अधिक न्यू एज ट्रेड्स पढ़ाए जा रहे हैं। भारत के व्यापार समझौतों व एफटीए से युवाओं के लिए वैश्विक अवसर खुल रहे हैं। आईटीआई की मशीनों, पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण को उद्योगों से जोड़ने के लिए पीएम सेतु योजना के तहत 60,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
होर्मुज संकट के दौरान पीएनजी विस्तार में दिखी प्लंबर्स की ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 12 से 13 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। गरीबों के लिए बने चार करोड़ घरों, पानी की पाइपलाइन और बिजली कनेक्शन से इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर और कुशल श्रमिकों को लाखों अवसर मिले। पश्चिम एशिया युद्ध और होर्मुज संकट का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि एलपीजी आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच सरकार ने शहरों में प्रतिदिन एक लाख पीएनजी पाइपलाइन कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया।
अगले वर्ष 2027 में ग्रेटर नोएडा में होगी वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा, जिसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक और पंकज चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने यूपी को एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बड़े विश्वविद्यालयों, पर्यटन, मोबाइल और सेमीकंडक्टर चिप निर्माण का केंद्र बनाया है। ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल भी अब उत्तर प्रदेश में बन रही है। अपने संसदीय क्षेत्र काशी का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि एक फैक्ट्री के उद्घाटन के दौरान एक बेटी ने उन्हें बताया कि वह रात 11 बजे भी काम करके सुरक्षित घर लौटती है। उन्होंने कहा कि बेटियों में सुरक्षा का एहसास और समृद्धि का विश्वास ही विकसित भारत का निर्माण करेगा।
स्किलिंग के साथ री स्किलिंग और अप स्किलिंग भी जरूरी: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजन उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। ज्ञान व्यक्ति को समझ, कौशल सामर्थ्य और दोनों का समन्वय आत्मनिर्भरता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में मजबूत स्किल डेवलपमेंट इकोसिस्टम तैयार हुआ है। जून 2026 तक प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत 1.64 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्ष 2014 में देश में करीब 9,800 आईटीआई थीं, जिनकी संख्या अब बढ़कर 14 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक, उद्योग और रोजगार के स्वरूप के अनुरूप स्किलिंग के साथ री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग अपनाने का आह्वान किया।