भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह शनिवार को फिर अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने संपत्ति को बेचने का नाम मुद्रीकरण दिया है। देश के किसान, मजदूर और व्यापारियों के टैक्स से जिन अचल संपत्तियों को पूर्वजों ने बनाया था उन्हें उद्योगपतियों को बेचकर सरकार कह रही है कि देश महाशक्ति बन रहा है। यह काफी हास्यास्पद है।

राम इकबाल सिंह ने बलिया के नगरा में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने वित्तमंत्री का हवाला देकर कहा कि सरकार को एक लाख करोड़ रुपए जुटाने हैं। इसके तहत कई चीजों का मुद्रीकरण कर 29 हजार करोड़ रुपए प्राप्त किया जाएगा।
इस तरह देश की अचल संपत्ति बेचकर एक लाख करोड़ रुपए जुटाने की योजना को लांच किया गया है। अधिकारियों ने सरकार को गलत सूचना देकर देश को खुले में शौच मुक्त घोषित करा दिया, जबकि आज भी गांवों के बाहर सड़कों को गंदा किया जा रहा है। सरकारी अमला आंख बंदकर अपने तरीके से काम कर रहा है।
2022 का चुनाव सामने है, लोग बहुत से ऐसे सवालों के जवाब चाहते हैं। अस्पताल निरीक्षण के वक्त मुख्यमंत्री से हकीकत छिपाई गई। मुख्यमंत्री को सब सुंदर ही दिखा। अस्पताल सुधरने के बजाय और बिगड़ता ही जा रहा। जिला जाम के बाद जल में फंसा हुआ है। छह सितंबर को किसानों और अस्पताल को लेकर जिलाधिकारी को पत्रक देंगे।
सरकार की तानाशाही से लोहा ले रही सपा : अंबिका चौधरी
समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत शनिवार को जिले में पहली बार आए पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का हर वर्ग अखिलेश यादव की तरफ देख रहा है। प्रदेश का विकास सिर्फ अखिलेश यादव ही कर सकते हैं, तानाशाह सरकार से सिर्फ समाजवादी पार्टी ही लड़ रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
पूर्व मंत्री सड़क मार्ग से लखनऊ से कोटवा नारायणपुर पहुंचे और मुक्ति नाथ बाबा का दर्शन किया। वहां से काफिला भरौली गोलंबर, नरही, चितबड़ागांव, फेफना होते हुए बलिया पहुंचा, जहां जिला पंचायत परिसर कार्यालय में स्वागत सभा हुई। इसमें प्रदेश विधान सभा में विपक्ष के नेता रामगोविंद चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार जनाकांक्षाओं पर पूरी तरह से फेल हो चुकी है।
Tags: