चुनाव आयोग आज बंगाल समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का करेगा ऐलान
दिल्ली। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) आज पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है. सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग इस बार कम चरणों में मतदान प्रक्रिया पूरी करने पर विचार कर रहा है. जैसे ही तारीखों का ऐलान होगा, इन सभी राज्यों में 'आदर्श चुनाव आचार संहिता' (Model Code of Conduct) तुरंत प्रभाव से लागू हो जाएगी.
साल 2021 के चुनावों की तुलना में इस बार मतदान के चरणों की संख्या कम रहने की संभावना है. पिछली बार पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान हुआ था, लेकिन इस बार इसे कम करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों (Central Forces) की तैनाती में भारी बढ़ोतरी की जाएगी. विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष और हिंसा मुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं.
असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में अंतिम मतदाता सूची के खिलाफ अपील करने की अवधि समाप्त हो चुकी है. चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियों की समीक्षा पूरी कर ली है और अब केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून 2026 के बीच समाप्त हो रहा है, जिसे देखते हुए अप्रैल-मई में मतदान संपन्न होने की पूरी उम्मीद है.