शॉर्टकट रास्ता चुना ड्राइवर ने, खाई में गिरने से बची बस
सवार थे 25 यात्री
यूपी। रुहेलखंड डिपो के बस चालक ने 25 यात्रियों की जान अपनी कारस्तान के कारण खतरे में डाल दी। चालक ने किसी के कहने पर हाइवे को छोड़कर शॉर्टकट अपनाने के लिए खेतों में बस दौड़ा दी। अंधेरे में बस को जंगल में घुसा दिया। इस दौरान एक जगह बस खाई में पलटने से बाल-बाल बची। यात्रियों की चीख निकल गई। जब बस उतरे तो देखा पिलर वाले गड्ढे में बस गिरने से बाल-बाल बची। यात्रियों ने नाराजगी जताई तो चालक-परिचालक अभद्रता पर उतारु हो गये। यात्रियों ने किसी तरह से राम-राम जपते हुए सफर पूरा किया। किसी तरह सफर पूरा हुआ तो यात्रियों ने राहत की सांस ली। यात्रियों ने बताया कि बस में कोई हेल्पलाइन नंबर भी नहीं लिखा था। यात्रियों ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
बरेली की यात्री सुचित्रा चौहान, विकास, राम सेवक आदि यात्रियों का कहना है, वे मथुरा से बरेली के लिए बस यूपी 78 एलटी 6086 पर सवार हुए थे। बस में 25 सवारियां थीं। रात करीब 11:30 बजे चालक ने सोरो-कासगंज के बीच आकर हाइवे का रास्ता छोड़ दिया। गांवों के अंदर से खेतों के रास्ते बस निकालने लगा। रात का अंधेरा होने के बावजूद चालक ने यह कारस्तानी की। जिस मार्ग से बस निकाली उन पर कोई अन्य वाहन भी नहीं चल रहे थे। यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक नशे में धुत था। फोन पर किसी महिला से बात करते हुए बस चला रहा था। जब यात्रियों ने विरोध किया तो वह झगड़ा करने को उतारू हो गया। बोला- इस रास्ते से आगे हाइवे पर ही निकलेंगे। इस दौरान खेत से होते हुए बस को जंगल में घुसा दिया। करीब एक घंटा तक बस को जंगल के रास्ते निकाला। एक जगह पर बस खाई में पलटते-पलटते बची। इस मामले में यात्रियों ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी है। तीन दिन में शिकायत निस्तारित करने का आश्वासन दिया है।
यात्रियों ने बताया कि खेत और जंगल के रास्ते में एक जगह पुल का निर्माण चल रहा था। तभी बस वहां पिलर वाले गड्ढे में पलटने से बाल बाल बची। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यात्री अंधेरे में बस उतरे तो देखा आगे 30-35 फिट गहरा गड्ढा था। किसी तरह से चालक ने बस को वहां से निकाल लिया। जब नाराजगी जताई तो चालक बोला- ऐसा करते हैं सबको जल्दी ही पहुंचा दूंगा। अब कोई अगर कुछ बोला तो सीधे ऊपर जाओगे। बेचारे यात्री सहमे बैठे रहे। इस बारे में डिपो के एआरएम अरुण कुमार वाजपेई ने कहा कि मथुरा-बरेली मार्ग की बस संबंधी शिकायत ऑनलाइन हुई है। जब हाइवे है तो चालक ने गांवों के रास्ते बस रात को क्यों निकाली। मामले की जांच कर चालक-परिचालक पर कार्रवाई की जाएगी।