DM ने मंत्री का कॉल नहीं उठाया, सफाई देते नजर आए जिलाधिकारी
देखें वीडियो.
एटा: एटा के डीएम ने 18 बार कॉल करने पर भी महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य का फोन नहीं उठाया। इस पर मंत्री भड़क गईं। उन्होंने डीएम अरविंद सिंह से नाराजगी जताते हुए कहा- नहीं, गलत बात है। यह नहीं चलेगा। आपको फोन उठाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि वह व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए फोन कर रही थीं। इतना ही नहीं, नाराज मंत्री ने कार्यक्रम में डीएम की ओर से दिए जाने वाला बुके लेने से भी इनकार कर दिया। इससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर असहज स्थिति बनी रही। बुधवार को हुई इस घटना का वीडियो गुरुवार दोपहर 12 बजे सामने आया।
मंत्री बेबी रानी ने डीएम से कहा- हम आपसे पूछना चाह रहे थे क्या व्यवस्थाएं हैं? आप हमसे बात ही नहीं कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने डीएम के रवैए और प्रोटोकॉल को लेकर भी सवाल किया। मंत्री ने पूछा- आप प्रोटोकॉल में हमसे बड़े हैं? इसलिए आप बात नहीं करेंगे हमसे?"
यूपी सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य बुधवार को एटा पहुंची थीं। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में हुए कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को साड़ी और मिठाई बांटी। मंत्री ने कार्यक्रम में 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना के बारे में भी बताया था। इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं और विधायकों ने बुके देकर मंत्री का स्वागत किया था।