कमला पसंद और राजश्री पान मसाला के मालिक की बहू ने दी जान, मचा हड़कंप
जांच जारी.
सांकेतिक तस्वीर
नई दिल्ली: दिल्ली के वसंत विहार इलाके में कमला पसंद और राजश्री पान मसाला के मालिक कमल किशोर की पुत्रवधू दीप्ति चौरसिया (40) ने खुदकुशी कर ली. मंगलवार शाम उनका शव घर में चुनरी से लटका हुआ मिला.
जानकारी के मुताबिक, दीप्ति का अपने पति हरप्रीत चौरसिया के साथ विवाद चल रहा था. दोनों की शादी वर्ष 2010 में हुई थी और उनका 14 साल का एक बेटा है. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दीप्ति ने किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक सुसाइड नोट में प्यार और भरोसे की बातें लिखी हुईं है. नोट में लिखा, अगर प्यार नहीं, भरोसा नहीं किसी रिश्ते में तो फिर रिश्ते में रहने की और जीने की वजह क्या है. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दीप्ति मानसिक तनाव या किसी अन्य परेशानी से जूझ रही थीं या नहीं.