दुल्हन की सहेलियों को हुआ शक तो दी जानकारी, इस कारण लौट गई बारात

अंत में दोनों पक्ष आपसी सहमति से वापस हो गए.

Update: 2022-02-24 02:53 GMT

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा (Etawah UP) में जब एक दुल्हन (Bride) को पता चला कि दूल्हा गंजा है, उसने सिर पर विग (WIGG) लगा रखी है तो दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. दुल्हन को मनाने की भी कोशिश की गई, लेकिन दुल्हन (Bride) ने एक न सुनी. अंतत: बारात को बिना दुल्हन के ही वापस जाना पड़ा. बारात जनपद औरैया के बिधूना से आई थी. अंत में दोनों पक्ष आपसी सहमति से वापस हो गए.

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद के थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत ध्यानपूरा गांव के महेश ने अपनी बेटी की शादी औरैया जनपद के बिधूना के निवासी अजय कुमार के साथ तय की थी. 16 फरवरी 2022 को लग्न उत्सव का कार्यक्रम संपन्न हुआ. वधू पक्ष ने बड़ी धूमधाम से यह कार्यक्रम संपन्न कराया. उसके बाद 22 फरवरी 2022 को ऊसराहार क्षेत्र में एक निजी गेस्ट हाउस में बिधूना से बारात आई. अजय कुमार बड़ी धूमधाम से दूल्हे राजा बने. घोड़ी पर सवार होकर द्वारचार कार्यक्रम के लिए दरवाजे पर पहुंचे.
इस दौरान वधू पक्ष ने बैंड बाजा बारात का धूमधाम से स्वागत किया. उसके बाद वरमाला का कार्यक्रम शुरू होने के समय दुल्हन स्टेज पर पहुंच गई, तभी अचानक दुल्हन की सहेलियों और महिलाओं ने दूल्हे को देखा तो उन्हें कुछ शक हुआ. तुरंत शुगबुगाहट शुरू हुई तो पता चला कि दूल्हे ने अपने चेहरे पर सर्जरी करवा रखी है. दूल्हा गंजा (Groom bald) है, सिर पर बाल नहीं हैं, विग लगा रखी है.
इसके बाद खबर दुल्हन तक पहुंची तो सच्चाई का पता चलने के बाद तत्काल दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. शादी न होने पर वर पक्ष और वधू पक्ष के बीच विवाद की स्थिति हो गई. तुरंत ही लड़की अपने पिता के साथ वापस घर चली गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हा पक्ष थाना ऊसराहार पहुंच गया. पुलिस ने मामले को सुलझाने का प्रयास किया तो दोनों पक्ष आपस में बिना कानूनी कार्यवाही के वापस लौट गए. इसके बाद बिना दुल्हन के ही बारात वापस हो गई. थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम ने बताया कि लड़का पक्ष और लड़की पक्ष के कुछ लोग आए थे. आपसी विवाद था, लेकिन कार्रवाई नहीं की और आपस में ही समझौते की बात कहकर वापस चले गए हैं.
Tags:    

Similar News