एक दिन पहले सजी थी दुल्हन, अगले दिन उजड़ा सुहाग; रिसेप्शन में दूल्हे की मौत
रिसेप्शन के स्टेज पर गिरे डॉक्टर दूल्हे की मौत
बिहार। कटिहार जिले में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब रिसेप्शन समारोह के दौरान दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान डॉक्टर पवन कुमार के रूप में हुई है। वह अपनी नवविवाहित पत्नी के साथ स्टेज पर तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान अचानक जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार वार्ड नंबर 13 की है। डॉक्टर पवन कुमार मूल रूप से पोठिया बाजार के निवासी थे और पटना में पदस्थापित थे। उनकी शादी 25 नवंबर को पड़ोस के चांदपुर गांव में हुई थी। शादी के अगले दिन 26 नवंबर को उनके घर पर रिसेप्शन समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग शामिल हुए थे। नवविवाहित जोड़े को सभी लोग शुभकामनाएं दे रहे थे। पवन कुमार अपनी पत्नी के साथ स्टेज पर मौजूद थे और मेहमानों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे थे। फोटोशूट के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह स्टेज पर गिर पड़े।
दूल्हे की हालत देखकर समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और वहां मौजूद लोग तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। परिजन पवन कुमार को लेकर पूर्णिया जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर कार्डियक अटैक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनकी मौत के वास्तविक कारणों की अभी तक चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है।
शादी के अगले दिन हुई इस दुखद घटना से नवविवाहिता और परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। जिस घर में शादी का जश्न मनाया जा रहा था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पवन कुमार के असमय निधन से रिश्तेदारों और परिचितों में भी शोक की लहर है। पोठिया बाजार और आसपास के क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोग स्तब्ध हैं। शादी के महज एक दिन बाद डॉक्टर पवन कुमार की मौत ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।