Kolkata कोलकाता: प्रेसीडेंसी जेल में बंद कुख्यात आतंकी और अमेरिकन सेंटर हमले के मुख्य आरोपी आफताब अंसारी की सेल से प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामान मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन की अचानक हुई छापेमारी के दौरान अंसारी के पास से तीन स्मार्टफोन समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। जेल सूत्रों के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान आफताब अंसारी की सेल से एक आईफोन सहित तीन स्मार्टफोन, एक वाई-फाई डिवाइस, पेन ड्राइव और 31 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। हाई-सिक्योरिटी सेल से प्रतिबंधित सामान मिलने के बाद जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
घटना के संबंध में जेल के एक अधिकारी ने हेस्टिंग्स थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर कोलकाता पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हाई-सिक्योरिटी सेल में मोबाइल फोन, वाई-फाई डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कैसे पहुंचे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आफताब अंसारी इन उपकरणों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से कर रहा था और जेल के भीतर प्रतिबंधित सामान पहुंचाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब आफताब अंसारी के पास जेल में प्रतिबंधित संचार उपकरण मिलने की बात सामने आई है। इससे पहले भी उसके पास से एक सिम कार्ड बरामद किया जा चुका है। ताजा बरामदगी के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर जांच तेज कर दी है। गौरतलब है कि आफताब अंसारी 2002 के कोलकाता अमेरिकन सेंटर आतंकी हमले का मुख्य आरोपी है और वर्तमान में प्रेसीडेंसी जेल में सजा काट रहा है। पुलिस अब बरामद उपकरणों की जांच और उनके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
Tags: