CBI अफसर बनकर पहुंचे 10 लोग, महिला की सूझबूझ से टला फर्जी रेड का खेल, VIDEO
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक कारोबारी के घर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खुद को सीबीआई अफसर बताने वाले 8 से 10 लोग अचानक रेड मारने पहुंचे. इन लोगों ने घर में जबरन घुसने की कोशिश की, लेकिन अंदर मौजूद महिला की सूझबूझ से पूरा खेल बिगड़ गया. महिला ने गेट खोलने से साफ मना करते हुए सीधे कह दिया कि 'पहले अपनी आईडी और रेड करने का आधिकारिक कागज दिखाइए'.
परिवार का कहना है कि यह पूरा ग्रुप करीब डेढ़ घंटे तक दरवाजे पर खड़ा रहा. वे लगातार अंदर आने का दबाव बना रहे थे. महिला अपने फैसले पर अड़ी रहीं और अंदर की कुंडी नहीं खोली. इसी बीच आसपास के पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए. जब पड़ोसियों ने भी उन लोगों से सर्च वारंट और ऑथराइजेशन लेटर दिखाने को कहा, तो मामला पूरी तरह संदिग्ध लगने लगा.
शिकायत के अनुसार, घर पहुंचे लोगों ने CBI के लोगो (निशान) वाले कपड़े पहन रखे थे. वे गले में फर्जी पहचान पत्र भी लटकाए हुए थे. दबाव बनाने के लिए उन्होंने कारोबारी के पिता के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक नोटिस भेजा. इस नोटिस पर बाकायदा सीबीआई डायरेक्टर के नाम और कथित हस्ताक्षर भी थे. हालांकि कुछ ही देर बाद उन्होंने उस मैसेज को डिलीट कर दिया, लेकिन परिवार ने फौरन उसका स्क्रीनशॉट ले लिया था.
जब घर वालों और पड़ोसियों ने उस नोटिस की हार्ड कॉपी सामने दिखाने की मांग की, तो संदिग्ध बहाना बनाने लगे. वे बोले कि कागज गाड़ी में रखा है और लेकर आते हैं. इसके बाद सभी लोग वहां से अपनी गाड़ी में बैठकर चुपचाप निकल भागे. उनके जाने के तुरंत बाद परिवार ने 112 नंबर डायल करके पुलिस को सूचना दी.
पूरी घटना घर के आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अब CCTV फुटेज, WhatsApp पर भेजे गए नोटिस और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, फिलहाल परिवार की शिकायत की जांच चल रही है. जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि घर पहुंचा यह ग्रुप कौन था और उसका असली मकसद क्या था. इस मामले में अब तक FIR दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है.
कुल मिलाकर बात यह है कि CBI अधिकारी बताकर घर पहुंचे लोगों को लेकर परिवार को शक हुआ. महिला ने दस्तावेज दिखाने की मांग करते हुए गेट नहीं खोला, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.