किशोरी ने वन स्टॉप सेंटर में किया सुसाइड

ब्रेकिंग

Update: 2026-05-12 00:42 GMT

यूपी। कौशांबी जिले के मंझनपुर के वन स्टॉप सेंटर में एक किशोरी की फंदे से लटकती लाश मिली। देर रात पहुंचे अधिकारियों ने मामले की जांच-पड़ताल की। करारी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली इस 17 वर्षीय लड़की को एक प्रकरण में बयान और मेडिकल के लिए वन स्टॉप सेंटर मंझनपुर भेजा गया था। बताया जा रहा है कि लड़की ने शौचालय में खुद को फांसी लगाकर जान दे दी।

मिली जानकारी के अनुसार समय से डॉक्टर और अन्य औपचारिकताएं पूरी न होने पर किशोरी को वन स्टॉप सेंटर में ही रुकना पड़ा था। परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई थी। बताया जा रहा है कि किशोरी के परिवारीजन वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों और केयरटेकर की देखरेख में मिलने पहुंचे थे। इस दौरान परिवारीजनों से कहा गया कि यदि वे किशोरी को अपनी सुपुर्दगी में लेना चाहते हैं तो कागजी कार्यवाही कराएं। लेकिन परिवारीजनों ने किशोरी को घर ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसको नारी निकेतन भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई।

बताया जा रहा है कि किशोरी को नारी निकेतन भेजा जाता लेकिन सोमवार की रात को यह घटना हो गई। पीड़िता ने वन स्टॉप सेंटर के शौचालय में ही फांसी लगाकर जान दे दी। वन स्टॉप सेंटर ने इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी तो खलबली मच गई। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में सीओ मंझनपुर शिवांक सिंह ने बताया कि किशोरी एक प्रकरण में बयान और मेडिकल के लिए आई थी। वन स्टॉप सेंटर में उसके फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News