Hardoi हरदोई: हरदोई के एक सरकारी विद्यालय में कक्षा 8 की छात्रा क्षमा दीक्षित की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला गरमा गया है। छात्रा की मौत से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने की बात कहती नजर आ रही है। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा ने सहपाठी से हुए विवाद की शिकायत स्कूल में की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद शिक्षक ने छात्रा के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद छात्रा का इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग हरकत में आया। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील सिंह ने विद्यालय पहुंचकर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई और शिक्षकों व अन्य लोगों से पूछताछ की। जांच के बाद विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक अक्षत और सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय स्तर पर पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। छात्रा के शव का फर्रुखाबाद में पोस्टमार्टम कराया गया है और अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। लोगों ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों के व्यवहार और शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags: