शिक्षक ने राष्ट्रपति कोविंद से मांगी आत्महत्या की अनुमति, AAP ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के एक शिक्षक ने गत दिनों वेतन न मिलने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से आत्महत्या करने की अनुमति

Update: 2020-12-19 18:16 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क  :  उत्तरी दिल्ली नगर निगम के एक शिक्षक ने गत दिनों वेतन न मिलने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से आत्महत्या करने की अनुमति मांगी थी। इस मामले में विवाद बढ़ गया है। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि नगर निगम अपने शिक्षकों-डॉक्टरों को वेतन नहीं दे पा रहा है, इसका कारण निगमों में व्याप्त भारी भ्रष्टाचार है। इस पर भाजपा ने कहा है कि शिक्षक ने भावना में आकर इस तरह का ट्वीट कर दिया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था। उन्होंने दूसरों से भी इस ट्वीट को शेयर न करने का अनुरोध किया था। ऐसे में आम आदमी पार्टी का इस मामले पर राजनीति करना उचित नहीं है।

दिल्ली भाजपा नेता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि शिक्षक ने भावनाओं मेें बहकर इस तरह का ट्वीट कर दिया था। लेकिन बाद में उन्हें इस बात का एहसास हुआ था कि उन्हें इस तरह का ट्वीट नहीं करना चाहिए था। इसके बाद उन्होंने न सिर्फ अपना ट्वीट हटाया बल्कि एक अन्य ट्वीट कर दूसरे लोगों से भी उस ट्वीट को रिट्वीट न करने का अनुरोध किया है।
कपूर ने कहा कि जब शिक्षक ने स्वयं अपना ट्वीट हटा दिया था, तो इसके बाद उस मामले पर राजनीति करना उचित नहीं है। इस तरह के मामलों में व्यक्ति की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। आम आदमी पार्टी को लोगों की भावनाओं पर राजनीति करने की बजाय निगमों का फंड जारी करना चाहिए जिससे सभी कर्मचारियों का वेतन दिया जा सके।
13 हजार करोड़ रुपये का कोर्ट में जिक्र नहीं : आप
आम आदमी पार्टी नेता दुर्गेश पाठक ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली सरकार से 13 हजार करोड़ रुपये का बकाया होने की बात कह रही है। लेकिन कोर्ट में चल रहे दो मामलों में पार्टी ने इसका कोई जिक्र भी नहीं किया है। भाजपा ने आप के इस पर कड़ा रुख अपनाया है।
पार्टी ने कहा है कि दिल्ली सरकार पर निगमों के 13 हजार करोड़ रुपये के बकाए की बात जमीनी धरातल पर आधारित है और केस में इसका स्पष्ट उल्लेख किया गया है। लेकिन इसके बाद भी आम आदमी पार्टी इससे इनकार कर रही है, जो सफेद झूठ है। पार्टी ने कहा है कि इस बकाए को पाने के लिए उसकी लड़ाई जारी रहेगी।


Tags:    

Similar News

-->