Ahmedabad अहमदाबाद। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने पंजाब के बटाला में दर्ज फायरिंग मामले में फरार चल रहे आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसके संबंध कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग से बताए जा रहे हैं। गुजरात ATS के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के सिद्धार्थ को सूचना मिली थी कि पंजाब के गुरदासपुर जिले के गांव लोह छाप निवासी सुखविंदर सिंह गुजरात के पालनपुर इलाके में छिपा हुआ है। आरोपी बटाला के सेखवां थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में वांछित था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 324(4), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 व 27 के तहत मामला दर्ज है। सूचना मिलने के बाद ATS ने विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की।
होटल से किया गया गिरफ्तार
खुफिया जानकारी के आधार पर गुजरात ATS की टीम ने 22 अगस्त की शाम पालनपुर स्थित होटल सुंधा में छापेमारी की। इस दौरान आरोपी सुखविंदर सिंह को हिरासत में लिया गया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए अहमदाबाद स्थित ATS कार्यालय लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 20 जुलाई को अपने साथियों साहिबदीप सिंह, गगनदीप सिंह और विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की के साथ शिकायतकर्ता महकदीप सिंह के शेलर के पास हुई फायरिंग की घटना में शामिल था।
वारदात के बाद बदलता रहा ठिकाना
ATS जांच के अनुसार, फायरिंग की घटना के बाद सुखविंदर अपने साथी विक्रमजीत सिंह के साथ कादियां तहसील के गांव ठिकरीवाल पहुंचा था। वहां उसने अपनी लाइसेंसी .30-06 राइफल अपने चचेरे भाई मनजोत सिंह को सौंप दी थी। इसके बाद आरोपी पंजाब से फरार होकर खरड़, दिल्ली, हैदराबाद और महाराष्ट्र के नांदेड़ समेत कई स्थानों पर छिपता रहा। आखिरकार गुजरात ATS ने उसे पालनपुर से गिरफ्तार कर लिया।
कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुखविंदर सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ पंजाब और गुजरात में हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और हथियारों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। उस पर धारीवाल थाना, सिविल लाइन्स बटाला, रंगड़ नंगल थाना और एसएसओसी पंजाब समेत कई जगहों पर केस दर्ज हैं। इसके अलावा गुजरात के अमीरगढ़ थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज रहा है। ATS के अनुसार, वर्ष 2021 में वह ड्रग्स और आईसीई तस्करी से जुड़े मामले में दुबई में करीब नौ महीने जेल में भी रह चुका है।
पंजाब पुलिस को सौंपा जाएगा आरोपी
गुजरात ATS ने गिरफ्तारी की जानकारी पंजाब पुलिस को दे दी है। अब आरोपी को बटाला के सेखवां थाना में दर्ज मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। ATS अधिकारियों ने कहा कि अंतरराज्यीय अपराध और संगठित गैंग नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags: