क्रिमिनल के साथ चौकी के अंदर दारोगा का Birthday Celebration हुआ, वीडियो भयंकर वायरल
वीडियो हुआ वायरल.
मेरठ: मेरठ में पुलिस की कार्यशैली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सवाल खड़े हो गए हैं. वायरल वीडियो जाकिर कॉलोनी चौकी का बताया जा रहा है. जिसमें चौकी पर तैनात दारोगा अंकित कुछ युवकों के साथ जन्मदिन मनाते और केक काटते नजर आ रहा है. वीडियो में एक ऐसा युवक भी दिखाई दे रहा है, जिसके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
बताया जा रहा है कि दारोगा अंकित का अगस्त में कुछ दिन पहले जन्मदिन था. इसी दौरान जाकिर कॉलोनी चौकी परिसर में कुछ युवकों के साथ जन्मदिन मनाया गया और केक काटा गया. अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में दारोगा के साथ नजर आ रहे युवक की पहचान अब्दुल रहमान के रूप में बताई जा रही है.
पुलिस जांच में उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है. बताया गया है कि अब्दुल रहमान खुद को एआईएमआईएम का महानगर सचिव भी बताता है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यशैली और दारोगा के आचरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि आपराधिक मुकदमों में नामजद व्यक्ति चौकी परिसर में पुलिसकर्मी के साथ इस तरह जन्मदिन मनाता दिखाई दे रहा है, तो इसकी जांच जरूरी है.
मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया. सीओ कोतवाली संग्राम सिंह को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है. पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चौकी परिसर में जन्मदिन मनाने की परिस्थितियां क्या थीं?
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच कराई जा रही है. जांच में दारोगा के साथ मौजूद अब्दुल रहमान के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है. पूरे प्रकरण की रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी गई है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.