आरा। आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेलडुमरा गांव में शनिवार की रात इंटर के एक छात्र की धारदार हथियार से गला काट बेरहमी से हत्या कर दी गयी। उसका शव रविवार की सुबह भेलडुमरा और सारंगपुर गांवों के बीच खेत से बरामद किया गया। उसकी गर्दन के पिछले हिस्से में धारदार हथियार से काटे जाने का निशान मिला है। पूरा चेहरा भी खून से लथपथ था। मृत छात्र भेलडुमरा गांव निवासी साजन प्रसाद उर्फ कलेक्टर प्रसाद का 19 वर्षीय पुत्र रवि कुमार था। वह शनिवार की देर शाम दोस्तों के साथ घर से निकला था। उसका मोबाइल भी गायब है। इधर, पौ फटते ही फेंका गया शव मिलने से दोनों गांवों में सनसनी मच गयी।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की। फिर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हत्या का कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। उसके चचेरे भाई सुनील कुमार ने किसी से दुश्मनी से इनकार किया है। हालांकि प्रेम प्रसंग में हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में भी हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आयी है। इधर, एसपी की ओर से हत्या के कारणों की तफ्तीश और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एएससी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी गयी है। इसमें मुफस्सिल थानाध्यक्ष और डीआईयू के अफसर शामिल हैं।