पुलिस की गाड़ी देखकर भागे छात्र, खेत में दौड़ा करंट और चली गई दो इंजीनियरिंग छात्रों की जान
मचा हड़कंप.
नई दिल्ली: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई. दोनों छात्र मोइनाबाद मंडल के पेद्दामंगलाराम गांव में एक खेत के चारों ओर लगाए गए बिजली के तारों की चपेट में आ गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ये तार जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए लगाए गए थे. मृतकों की पहचान 20 वर्षीय मोक्ष साई चरण और 20 वर्षीय यशवंत के रूप में हुई है. मोक्ष साई चरण अत्तापुर के रहने वाले थे, जबकि यशवंत बालकम्पेट के निवासी थे. दोनों KG रेड्डी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात कॉलेज के आठ छात्र पद्मावती फंक्शन हॉल के पीछे एक खुले इलाके में गए थे. बताया जा रहा है कि वहां वे शराब पी रहे थे. इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी वहां पहुंच गई. पुलिस वाहन को देखकर छात्र घबरा गए और अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे. भागते समय दो छात्र पास के एक खेत के चारों ओर लगाए गए बिजली के तारों के संपर्क में आ गए. तारों में करंट होने के कारण दोनों को तेज बिजली का झटका लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच में इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि खेत के चारों ओर बिजली के तार किसने और किन परिस्थितियों में लगाए थे. पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.