Meerut मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉस्टल में कुछ छात्रों ने पेट्रोल बम फोड़ा, जिससे हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्र पेट्रोल से भरे पॉलिथीन में आग लगाते और धमाके करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि अन्य छात्र नाचते हुए और वीडियो बनाते हुए वहां से गुजर रहे हैं।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा है कि छात्रों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने इस घटना पर नोटिस जारी करते हुए बताया कि 10 अक्टूबर 2025 की रात छात्रावास की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अनुशासनहीनता फैलाने का प्रयास किया गया।
यूनिवर्सिटी ने चेताया है कि यह घटना न केवल छात्रावास नियमों का उल्लंघन है बल्कि दंडनीय अपराध भी है। नोटिस के अनुसार, शामिल छात्रों के माता-पिता को भी घटना की जानकारी दी जाएगी। सुरक्षा सामग्री जब्त की जा सकती है, छात्रावास से निष्कासन और निलंबन जैसी कार्रवाई भी हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के माध्यम से छात्रों की पहचान की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्रावास में इस तरह की गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।