रिजल्ट के बाद गुमसुम हुई छात्रा, कुछ घंटों में उठा लिया खतरनाक कदम
सुसाइड
Jalaun जालौन: जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा में असफल होने के बाद एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम आने के कुछ ही घंटों बाद उठाए गए इस कदम से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। मामला रेंढ़र थाना क्षेत्र के सुलखना गांव का है। मृतका की पहचान 18 वर्षीय राधा छिरिया के रूप में हुई है, जो स्थानीय इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी। परिवार के अनुसार, गुरुवार को रिजल्ट घोषित होने के बाद से ही वह काफी तनाव में थी और किसी से बात नहीं कर रही थी।
घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। मां गांव में एक कार्यक्रम में गई थीं, जबकि पिता गेहूं बेचने मंडी गए हुए थे। इसी दौरान राधा ने अपने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब मां घर लौटीं, तो उन्होंने बेटी को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। माधौगढ़ सर्किल के सीओ अंबुज यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि परीक्षा के दबाव में छात्र किस तरह मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं।