रहस्यमयी कुएं में फिर उठीं तेज लहरें, वायरल वीडियो से बढ़ी उत्सुकता

ब्रेकिंग न्यूज

Update: 2026-08-06 18:55 GMT
Gujrat गुजरात: मोरबी जिले के वीरपरड़ा गांव का एक रहस्यमयी कुआं एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है। गुरुवार दोपहर कुएं के पानी में अचानक तेज हलचल और ऊंची लहरें उठने लगीं, जिसे देखकर ग्रामीण हैरान रह गए। इस अनोखी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसके पीछे की वजह जानने को उत्सुक हैं।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे कुएं का पानी अचानक तेजी से हिलने लगा। कुछ ही क्षणों में पानी में लगातार लहरें बनने लगीं। यह दृश्य देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पहले भी इसी कुएं में इसी तरह की हलचल देखी गई थी, जो कुछ समय बाद अपने आप शांत हो गई थी।




लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। कुछ ग्रामीणों का मानना है कि मोरबी का यह इलाका भूकंप संवेदनशील क्षेत्र में आता है, इसलिए पानी में अचानक उठी हलचल किसी भूगर्भीय गतिविधि का संकेत हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी वैज्ञानिक संस्था या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं के पीछे भूगर्भीय दबाव, भूमिगत जल प्रवाह, गैस के उत्सर्जन या अन्य प्राकृतिक कारण हो सकते हैं। मामले की वैज्ञानिक जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
Tags:    

Similar News