यूपी। कानपुर सेंट्रल आ रही 12034 कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस और गरीबरथ एक्सप्रेस पर गाजियाबाद और दादरी स्टेशन के बीच पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। पथराव में शताब्दी एक्सप्रेस के सी-1 कोच में सीट नंबर 44 और 49 के सामने लगे शीशे चकनाचूर हो गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरपीएफ दादरी ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही कैरिज एंड वैगन विभाग से ट्रेनों के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को पत्र भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:36 बजे कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस गाजियाबाद स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन के दादरी की ओर बढ़ते ही अचानक पथराव शुरू हो गया। सीट नंबर 49 पर यात्रा कर रहे यात्री गौरव ने घटना की सूचना ट्रेन सुपरिटेंडेंट जितेंद्र यादव और अन्य रेलवे स्टाफ को दी। यात्रियों के मुताबिक, अचानक हुए पथराव से कोच में दहशत फैल गई। कई यात्री डर के कारण कोच के दरवाजे बंद कर किनारे खड़े हो गए।
सूचना मिलने पर रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचा और यात्रियों को शांत कराया। कुछ देर बाद इसी रूट से गुजर रही राजधानी और गरीबरथ एक्सप्रेस पर भी पथराव की सूचना मिली। घटना के दौरान ट्रेनों में सवार यात्रियों में काफी भय और दहशत का माहौल रहा। इससे पहले अप्रैल महीने में सहरसा से नई दिल्ली जा रही समर स्पेशल ट्रेन पर पथराव करने के आरोप में जीआरपी ने बलिया के दो किशोरों को पकड़ा था। पूछताछ के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करने में जुटी गई थी।