हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस में अशांति फैलाने के इरादे से भगवान श्री परशुराम की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली नगर क्षेत्र में बुर्ज वाला कुआं के पास की है, जहां एक अज्ञात युवक ने पत्थर मारकर मूर्ति के फरसा और धनुष को तोड़ दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, एक युवक बाइक से मौके पर पहुंचा और मूर्ति पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में मूर्ति का फरसा और धनुष क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई, जिसमें आरोपी युवक साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह बाइक से आता है, मूर्ति पर पत्थर मारता है और फिर वहां से भाग जाता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की हैं। इसके साथ ही एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम को भी जांच में लगाया गया है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस राम चंद कुशवाह ने बताया कि हाथरस जनपद में थाना कोतवाली नगर में बुर्ज की कुआं के पास भगवान परशुराम की मूर्ति थी, जिसका फरसा और धनुष किसी ने क्षतिग्रस्त कर दिया। जैसी ही सूचना मिली पुलिस तत्काल मौके पर गई जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तो एक लड़का बाइक से आकर पत्थर मारकर चला जाता हुआ दिखाई दिया। उस लड़के को ट्रेस करने के लिए पांच टीमें लगा दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द ट्रेस कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट है।
Tags: