लखनऊ। सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने की कोशिश उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक युवक को भारी पड़ गई। आरोप है कि युवक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक कैंप को विस्फोट में उड़ते हुए दिखाने वाला वीडियो तैयार किया और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आईं और आरोपी फैयाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो में सुरक्षा बल के कैंप को ब्लास्ट होते हुए दिखाया गया था। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने डिजिटल सर्विलांस की मदद से वीडियो पोस्ट करने वाले अकाउंट की पहचान की। जांच में फैयाज अहमद का नाम सामने आने के बाद उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट से आपत्तिजनक वीडियो को हटवाया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। चालान के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सुरक्षा बलों, सरकारी संस्थानों या संवेदनशील स्थानों से संबंधित भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री तैयार करना गंभीर परिणाम ला सकता है। इस तरह की पोस्ट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गुजरात में हनीट्रैप का आरोपी गिरफ्तार
इसी बीच गुजरात के अहमदाबाद से हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच ने फेसबुक के जरिए एक बुजुर्ग व्यक्ति को कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाकर करीब 24 लाख रुपए की उगाही करने के आरोप में 39 वर्षीय अल्पेश सोलंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बोटाद जिले के ठींकवाड़ी गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। यह रकम कथित तौर पर शिकायतकर्ता से ताजा उगाही के दौरान ली गई थी।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर की रात आनंदनगर पुलिस थाने को सूचना मिली थी कि एक गिरोह ने एक बुजुर्ग व्यक्ति और उसके बेटे को ब्लैकमेल कर उनसे काले रंग के बैग में एक लाख रुपए लिए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त जोन-7 शिवम वर्मा ने आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी और विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिस उपनिरीक्षक एचडी वाघेला के नेतृत्व में टीमों ने एसजी हाईवे पर गश्त और वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को कर्णावती ब्रिज के नीचे काले बैग के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति मिला। पूछताछ के बाद उसकी पहचान अल्पेश सोलंकी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लाख रुपए बरामद किए। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Tags: