आर्केस्ट्रा देखने जुटी भीड़ में घुसी तेज रफ्तार बस, 5 लोगों को मौत के मुंह में धकेला, कई घायल
मचा कोहराम.
बेतिया: बिहार के बेतिया में रफ्तार के कहर ने पांच लोगों को मौत के मुंह में धकेल दिया। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए। घटना एनएच 727 के बेतिया मार्ग में स्थित बसवरिया पराउटोला बनकटवा मध्य विद्यालय के सामने की है। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे गोरखपुर से बेतिया जा रहा बेकाबू बस ने एक नवजात की छठियार पार्टी में कोहराम मचा दिया। बस ने कम से कम लोगों को रौंद दिया, जिसमें 5 व्यक्तियों की मौत हो गई है। दो व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी और तीन व्यक्ति की मौत अस्पताल में हुई है। पांच व्यक्ति का इलाज चल रहा है। दो, तीन जख्मी को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक लौरिया के बसवरिया निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर एक नवजात का छठियार समारोह मनाया जा रहा था। उनका घर सड़क के किनारे है। समारोह में भोज भात के साथ ऑर्केस्ट्रा का प्रोग्राम आयोजित किया गया था। आमंत्रित अतिथि और गांव के लोग ऑर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी बीच बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था और लौरिया की ओर से शाही ट्रेवेल्स की बस जा रही था। दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर की स्थिति आ गई। बचने के लिए बस ड्राइवर ने गाड़ी की दिशा बदल दी। तेज रफ्तार बस ऑरकेस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में घुस गई और कम से कम 10 लोगों को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
मृतकों की सूची
देवेन्द्र दुबे पिता शत्रुघ्न दुबे, 35 वर्ष
बहादुर महतो पिता दुखी महतो, 45 वर्ष
संजय महतो पिता नत्थू महतो, 28 वर्ष
छांगुर राम पिता गंगा राम, 65 वर्ष
भोला दुबे पिता हरिन्द्र दुबे, 35 वर्ष
घायलों की लिस्ट
श्यामबाबू कुमार, 20 साल, पिता शंभू साह, बसवरिया
नरेश राम 40 साल, पिता बिगा राम,बनकटवा
अजीत कुमार 20 साल, पिता टुनटुन साह, पराउटोला
मोतीचंद महतो 60 साल, पिता नथुनी महतो, बनकटवा
फखरुद्दीन मियां 17 साल, पिता दारोगा मियां, बगहा पुलिस जिला के सोनबरसा थानाक्षेत्र के दंडरौल गाँव।
सभी मृतक ग्राम बनकटवा वार्ड 10 के निवासी थे जो घटना के समय छठियार पार्टी में आर्केस्ट्रा का आनंद ले रहे थे। इस दौरान बस भीड़ में घुस गई।
स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में सड़क पर हंगामा किया। दोनों गाड़ियों में जमकर तोड़ फोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। दोनों गाड़ियों के ड्राइवर बस और ट्रक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बस और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने मृतकों के आश्रितों के लिए मुआजवजे की मांग की है। घटना से गांव में मातम पसर गया है।