Mission Indradhanush के तहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए शुरू होगा विशेष टीकाकरण अभियान

कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान के बीच देश में गर्भवती महिलाओं और पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान लांच कर दिया गया है

Update: 2021-02-19 17:02 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान के बीच देश में गर्भवती महिलाओं और पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान लांच कर दिया गया है। इसके तहत 22 फरवरी और 22 मार्च से 15-15 दिनों के लिए अभियान चलाया जाएगा। माना जा रहा है इस दौरान लगभग डेढ़ करोड़ बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए जाएंगे।

देश में हर साल औसतन 2.65 करोड़ बच्चों और 2.9 करोड़ गर्भवती महिलाओं को सार्वभौम टीकाकरण अभियान के तहत 12 टीके लगाए जाते हैं। लेकिन सार्वभौम टीकाकरण अभियान के दौरान भी बड़ी संख्या में बच्चे और गर्भवती महिलाएं टीका लेने से वंचित रह जाते हैं। सरकार उनके लिए इंद्रधनुष नाम से विशेष टीकाकरण अभियान चलाती है।
स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के अनुसार इंद्रधनुष के पहले और दूसरे फेज में कुल तीन करोड़ 76 लाख बच्चों और 94 लाख गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया था। कोरोना महामारी के कारण पिछले साल बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं टीका लेने से वंचित रह गई थीं। उनके लिए विशेष रूप से इंद्रधनुष तीन को लांच किया गया है।
हर्षवर्धन ने कहा कि इंद्रधनुष-तीन के तहत 29 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 250 जिलों में टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें ईंट-भट्ठों से लेकर दूसरी जगह काम काम करने वाले प्रवासी मजदूरों और घुमंतू जनजातियों के बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण पर विशेष बल दिया जाएगा।
हर्षवर्धन ने कहा कि इस अभियान के दौरान कम से कम 90 फीसद बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीका लगाने का लक्ष्य है। कोरोना टीकाकरण अभियान के साथ-साथ चलने वाले इंद्रधनुष-तीन के तहत भी सामाजिक दूरी समेत कोरोना संक्रमण से बचने के लिए आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए राज्यों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।


Tags:    

Similar News

-->