पंचायतों के विवाद में फंसी वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण, आपत्तियां 13 अप्रैल तक दर्ज
Shimla. शिमला। पंचायत चुनाव-2026 से पहले राज्य निर्वाचन आयोग ने उन ग्राम पंचायतों में मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण करने के निर्देश जारी किए हैं, जो सृजन और पुनर्गठन के विवाद में फंसी थीं। यह कदम उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया कि इन पंचायतों का सृजन या पुनर्गठन आगामी चुनावों में लागू नहीं माना जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची की अधिसूचना के अनुसार अब इन विवादित पंचायतों में मतदाता सूचियों को नए सिरे से अपडेट किया जाएगा, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार हो सके। इस उद्देश्य से आयोग ने पूरा कार्यक्रम तय किया है।
मतदाता सूची में नाम जोडऩे या हटाने के लिए दावे और आपत्तियां 13 अप्रैल तक दर्ज करवाई जा सकती हैं। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि इन दावों और आपत्तियों का निपटारा 17 अप्रैल तक कर लिया जाए। इसके बाद 20 अप्रैल तक अपील दाखिल की जा सकेगी और 22 अप्रैल तक अपीलों का निपटारा किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 24 अप्रैल तक प्रकाशित कर दी जाएगी। आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि पहली अक्टूबर, 2025 को योग्यता तिथि मानते हुए तैयार मतदाता सूचियों को निरीक्षण के लिए जिला कार्यालय, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद कार्यालयों में उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही स्पष्ट किया गया है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पुनरीक्षण प्राधिकारी उपलब्ध रहें और किसी भी प्रकार की छुट्टी या दौरे पर न जाएं, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
निर्वाचन आयोग का यह कदम विवादित पंचायतों में मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे मतदाता अधिकारों की रक्षा होगी और आगामी पंचायत चुनाव-2026 में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होगी। उल्लेखनीय है कि इस कदम से विवादित पंचायतों के मतदाताओं को सही समय पर अपने नाम जोड़ने या हटाने का मौका मिलेगा, जिससे चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष रहेगी। आयोग ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सूचियों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या विलंब न हो। इस विशेष पुनरीक्षण के बाद पंचायत चुनाव-2026 में अधिक पारदर्शिता और विश्वास सुनिश्चित होने की उम्मीद है। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।