बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट, लव मैरिज करने की नहीं दी इजाजत
फैली सनसनी.
गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में एक बेटे ने पिता की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि पिता ने उसे लव मैरिज करने से मना कर दिया। बेटे का कहना है कि पिता शादी में बाधा बन रहे थे इसलिए उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इसके लिए बेटे ने पिता के सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से आठ बार वार किए। उसकी भाभी उसे समझाती रही लेकिन उसके सिर पर खून सवार था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला में बुधवार देर रात एक युवक ने अपने पिता की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दीं। मृतक की बहू की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपित बेटे को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि छह महीने पहले आरोपी बेटे के प्रेम विवाह को लेकर एक पंचायत हुई थी, जिसमें पिता ने शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद से बेटा अजीब हरकतें कर रहा था।
जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला निवासी ब्रहादेव कन्नौजिया (51) बुधवार रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। रात करीब सवा दो बजे मझले बेटे गोलू ने उन्हें जगाया और विवाद करने लगा। आरोप है कि गोलू के हाथ में कुल्हाड़ी थी। गोलू ने कुल्हाड़ी से पिता के सिर गर्दन पर सात से आठ वार किए। इससे ब्रह्मदेव की मौके पर ही मौत हो गई।
गुलरिहा इलाके में रात करीब सवा दो बजे पिता को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी बेटा गोलू कन्नौजिया फरार नहीं हुआ। वह छत पर चढ़कर खुद ही हत्या करने की बात को चीख-चीख कर कबूल कर रहा था। वह बोल रहा था कि इसी पिता की वजह से वह अपनी प्रेमिका से शादी नहीं कर पाया। इस वजह से मौत के घाट उतारा। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी उसके चेहरे पर कोई पछतावा नहीं था। वह बार-बार अपने प्रेम विवाह में पिता को बाधक बता रहा था।
गोलू का अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन एक ही गांव का होने और सामाजिक मान्यताओं के कारण दोनों परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। पंचायत और परिजनों के दबाव के बाद युवती की शादी कुछ समय पहले दूसरी जगह कर दी गई थी। इसके बाद से गोलू अपने पिता को ही इस पूरे घटनाक्रम का जिम्मेदार मानने लगा था। बुधवार रात यह नाराजगी खूनी रूप ले बैठी। आरोप है कि उसने सो रहे पिता पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के समय भी उसके चेहरे पर किसी प्रकार का पछतावा नहीं दिख रहा था।
जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला में बेटे के हाथों हुई ब्रह्मदेव कन्नौजिया की हत्या से गांव में शोक है। ग्रामीणों के अनुसार, ब्रह्मदेव मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे तथा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह बेटे गोलू के इलाज को लेकर चिंतित थे और गुरुवार को उसे डॉक्टर के पास ले जाने की तैयारी कर चुके थे। बुधवार को दोनों ने साथ खेत में मूंगफली की बुआई की और शाम को घर लौटकर भोजन किया। रात में हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद तीन वर्षीय नाती कार्तिक ने उन्हें मुखाग्नि दी।
गोरखनाथ के सीओ, रवि सिंह ने कहा कि पिता से विवाद के बाद बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे पिता की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला में बुधवार देर रात मझले बेटे गोलू ने पिता ब्रह्मदेव पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के समय बड़े बेटे की पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ घर में अकेली थी। घर का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकी और छत पर चढ़कर गोलू को समझाने का प्रयास करती रही। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक गोलू ने पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर सात से आठ वार किए जाने से ब्रह्मदेव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर रात करीब तीन बजे प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल मय फोर्स घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सुबह फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।