बेटे के जन्मदिन पर ससुराल में दामाद का बवाल, 6 राउंड चली गोलियां
तीन महिलाएं गंभीर घायल
Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर: जिले में सोमवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना में दामाद ने अपनी ससुराल में लाइसेंसी पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में सास समेत परिवार की तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी अनंत मित्तल और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। बताया गया कि बेटे के जन्मदिन के मौके पर वह देहरादून से अपने बेटे को लेकर ससुराल पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
विवाद के बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से 5 से 6 राउंड फायरिंग की, जिसमें सास, चाची सास और एक अन्य महिला घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार जब्त कर लिया। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।