मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में हरसिद्धि थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी ही मां की चाकू से हत्या कर दी और घटना को अपहरण तथा लूट का रूप देने के लिए चार अपराधियों द्वारा हमला किए जाने की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खून लगा (डैगर) चाकू समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को झुमन मियां ने हरसिद्धि थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 18 अगस्त की दोपहर उनकी पत्नी नजमा खातून अपने बेटे आलम हुसैन के साथ अरेराज बैंक से 45 हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान खोरी-पाकर चिमनी के पास चार अपराधियों ने उन्हें और उनके बेटे को रोककर मारपीट की और नजमा खातून को रुपये सहित उठाकर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अरेराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के बेटे आलम हुसैन से पूछताछ की। उसके बयानों में लगातार विरोधाभास मिलने पर पुलिस को शक हुआ। जांच टीम ने घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में मृतका और उसका बेटा सेवराहा की ओर से आते दिखाई दिए, जबकि उनके पीछे किसी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस ने आलम हुसैन से सख्ती से पूछताछ की। उसके शरीर पर गन्ने के पत्ते से कटने का निशान और घटना के दिन पहने कपड़ों पर खून के धब्बे मिले। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आलम हुसैन ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने पहले से ही हत्या की योजना बनाई थी। उसने अरेराज जाकर एक डैगर खरीदा और अपनी मां के सेवराहा पहुंचने का इंतजार किया। इसके बाद वह उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाकर खोरी-पाकर चिमनी के पास ले गया। वहां उसने चावल का बोरा गन्ने के खेत में रखे होने की बात कहकर मां को खेत की ओर भेजा और मौका पाकर डैगर से उनकी हत्या कर दी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने मां के पास मौजूद रुपये ले लिए और डैगर समेत अन्य सामान गन्ने के खेत में फेंक दिया। इसके बाद घटना को लूट और अपहरण का रूप देने के लिए वह सड़क पर लेटकर रोने लगा और ग्रामीणों को चार अपराधियों द्वारा हमला किए जाने की झूठी कहानी सुनाई। पुलिस ने आरोपी के घर में छिपाकर रखे गए रुपये भी बरामद किए हैं। कुल 89,650 रुपये, खून लगा डैगर चाकू, मृतका और आरोपी के दो जोड़ी चप्पल, खून एवं मिट्टी लगे कपड़े तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज रवि कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से जांच करते हुए महज 12 घंटे में मामले का सफल उद्भेदन किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags: