50 किग्रा गीला कत्था के साथ तस्कर गिरफ्तार

इटखोरी-तुलबुल पथ में गुरिवाटाड के समीप वन विभाग की टीम ने बुधवार को पचास किलोग्राम गीला कत्था के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

Update: 2021-11-17 17:17 GMT

इटखोरी (चतरा) जासं। इटखोरी-तुलबुल पथ में गुरिवाटाड के समीप वन विभाग की टीम ने बुधवार को पचास किलोग्राम गीला कत्था के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर को वन विभाग की टीम अपने साथ चतरा ले गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कोयला चट्टान नामक वन क्षेत्र में कुछ तस्कर अवैध तरीके से कत्था बनाने का काम कर रहे हैं। कत्था बनाने के लिए तस्करों के द्वारा वन भूमि से खैर की लकड़ियां काटी जा रही है।

ऐसी सूचना मिलने के पश्चात चतरा सदर प्रक्षेत्र, राजपुर प्रक्षेत्र तथा लावालौंग प्रक्षेत्र के वन अधिकारियों की एक टीम बनाई गई। बुधवार की सुबह वन अधिकारियों की टीम अवैध तरीके से कत्था बनाने वाले स्थल की ओर जा रही थी। इसी बीच गुरिवाटाड के पास एल्युमिनियम के बर्तन में छुपा कर रखे गए गीला कत्था के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। वन अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल तस्कर की पहचान नहीं हो पाई है। गिरफ्तार तस्कर खुद को सिमरिया थाना क्षेत्र का बता रहा है। बताया जाता है कि पिछले कुछ वर्षों से कोयला चट्टान नामक वन क्षेत्र में अवैध तरीके से कत्था बनाने का गोरखधंधा चल रहा था।





Tags:    

Similar News

-->