घर से भागी बहन, पीछे करते पहुंचा भाई और गोली मारकर हत्या कर दी

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-07-19 01:10 GMT

दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को गौतमपुरी में हुई महिला की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि शुक्रवार को इसी इलाके में एक और महिला का कत्ल हो गया। गौतमपुरी इलाके में परिजनों के विरोध के बाद भी घर से दो बार जाकर प्रेम विवाह करने से नाराज छोटे भाई ने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी।

सूत्रों का कहना है कि मृतका 32 साल की वसीमा की हत्या के बाद उसके छोटे भाई 19 साल के मोहम्मद अनस ने खुद दूसरे थाने में पहुंचकर सरेंडर कर दिया। वहीं, पुलिस का दावा है कि उसे भागने के दौरान हथियार सहित गिरफ्तार किया गया। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वसीमा पति के साथ गौतमपुरी इलाके में रहती थी। उसके मायके पक्ष के लोग जाफराबाद इलाके में रहते हैं और मूलत: उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:21 बजे न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को गौतमपुरी की गली नंबर-17 से सूचना मिली कि एक युवक ने अपनी बहन को गोली मार दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो वसीमा खून से लथपथ पड़ी थी। उसके सीने में गोली लगी थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि वसीमा पहले भी एक बार प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़कर चली गई थी, लेकिन कुछ समय बाद लौट आई थी। इसके बाद वह दूसरी बार घर से चली गई और इरशाद नामक युवक से प्रेम विवाह कर लिया। बहन के इस कदम से अनस बेहद नाराज था। इसी वजह से उसने बहन की हत्या की साजिश रची। वह मेरठ से देसी पिस्तौल और कारतूस लेकर दिल्ली आया और मौका मिलते ही बहन को गोली मार दी।

पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद आरोपी चौहान बांगर की ओर भाग रहा था। संदेह के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से एक पिस्टल और छह कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने बहन की हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।


Tags:    

Similar News