कर्नाटक। मुख्यमंत्री पद से सिद्धारमैया के इस्तीफे को लेकर बनी अगर-मगर की स्थिति अब स्पष्ट हो गई है. कर्नाटक के मुख्यमंत्री के दफ्तर ने इसकी पुष्टि कर दी है. कर्नाटक मुख्यमंत्री के कार्यालय की ओर से कहा गया है कि सिद्धारमैया आज सीएम पद से इस्तीफा देंगे.
सीएमओ की ओर से यह बयान तब आया है, जब राज्यपाल के बेंगलुरु से आज सुबह-सुबह ही मुंबई रवाना होने की बात सामने आई. सीएमओ ने इसी पर यह स्पष्ट किया है कि राज्यपाल के गैरमौजूद रहने पर भी उनके दफ्तर को इस्तीफा सौंपा जाएगा.
यह भी पढ़े
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने मंत्रियों की ब्रेकफास्ट मीटिंग बुलाई है. यह मीटिंग कर्नाटक के मुख्यमंत्री के सरकारी आवास कावेरी में बुलाई गई है. इस मीटिंग में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और सभी विधायक भी शामिल होंगे. ऐसा माना जा रहा है कि मंत्रियों की ब्रेकफास्ट मीटिंग के बाद सिद्धारमैया सीएम पद से इस्तीफा देने के लिए राजभवन जा सकते हैं. सिद्धारमैया के साथ डिप्टी सीएम शिवकुमार भी राजभवन जा सकते हैं.
कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की रार पुरानी है. सिद्धारमैया की अगुवाई में सरकार गठन के साथ ही ढाई-ढाई साल के सीएम फॉर्मूले की चर्चा रही है. हालांकि, कांग्रेस पार्टी और सिद्धारमैया ऐसे किसी फॉर्मूले से इनकार करते रहे. समय समय पर बेंगलुरु से दिल्ली तक सत्ता के नेतृत्व परिवर्तन की मांग भी उठती रही है.