बेंगलुरु: बेंगलुरु में शादी का वादा करके मुकरने और फिर प्रेमिका को मौत के घाट उतारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक पर अपनी गर्लफ्रेंड को लॉज की तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे धक्का देने का आरोप है. युवती नीचे गिरकर बिजली के खंभे से टकराई और गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतका की पहचान ऐश्वर्या के रूप में हुई है. वह कर्नाटक के हासन की रहने वाली थी और एक निजी कंपनी में काम करती थी. घटना 19 नवंबर की है. उस दिन ऐश्वर्या अपने दोस्त संतोष के साथ बेंगलुरु के अब्बिगेरे सर्कल स्थित एक लॉज पहुंची थी.
पुलिस के मुताबिक, लॉज के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई. इसी दौरान संतोष ने कथित तौर पर ऐश्वर्या को तीसरी मंजिल की खिड़की से धक्का दे दिया. नीचे गिरने के बाद वह बिजली के खंभे से टकराई और बुरी तरह घायल हो गई. उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके.
घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में इसे संदिग्ध आत्महत्या का मामला मानकर जांच शुरू की थी. हालांकि, ऐश्वर्या के पिता ने शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने मामले की दोबारा जांच की. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना और संतोष को गिरफ्तार कर लिया. गंगम्मनगुड़ी पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या और संतोष लंबे समय से रिश्ते में थे. शुरुआत में ऐश्वर्या के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया था, लेकिन बाद में वे दोनों की शादी के लिए तैयार हो गए थे. संतोष ने शादी करने के लिए तीन साल का समय मांगा था, लेकिन वह लगातार शादी टालता रहा.
बाद में उसने ऐश्वर्या से कहा कि उसका परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं है और वह उससे शादी नहीं करेगा. दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद एक बार फिर शादी की बात आगे बढ़ी, लेकिन संतोष ने इसके लिए छह महीने और मांगे. कुछ समय बाद वह फिर अपने वादे से मुकर गया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संतोष ने कथित तौर पर ऐश्वर्या की निजी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर रखे थे. आरोप है कि वह इन्हें दिखाकर उसे धमकाता था और बार-बार मिलने का दबाव बनाता था.
19 नवंबर को ऐश्वर्या ने घरवालों को बताया था कि वह इंटरव्यू देने जा रही है. इसके बाद वह संतोष से मिलने लॉज पहुंची थी. अब पुलिस इस मुलाकात से जुड़े घटनाक्रम और दोनों के बीच हुए विवाद की कड़ियां जोड़कर जांच कर रही है.
Tags: