शत्रुघ्न सिन्हा ने दिया अल्टीमेटम, 2 अक्टूबर से जोर पकड़ेगा आंदोलन
शत्रुघ्न सिन्हा बोले, 2 अक्टूबर से तेज होगा आंदोलन
Asansol. आसनसोल। चुनाव आयोग (ECI) को लेकर जारी विवाद और विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने Gen-Z छात्रों और युवाओं के आंदोलन को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह इन युवाओं की नीयत से प्रभावित हैं और उनका आंदोलन आने वाले दिनों में और जोर पकड़ सकता है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने आसनसोल में कहा, “मैं उन बच्चों का, जो Gen-Z हैं, छात्र हैं, उनकी नीयत का कायल हूं। वे अच्छा काम कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि युवाओं की ओर से अल्टीमेटम दिया गया है, लेकिन साथ ही आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने की बात भी कही गई है। सिन्हा ने दावा किया कि 2 अक्टूबर से आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने कहा, “अभी तो झलक दिखाई दी है। अभी तो शुरुआत है। आगे-आगे देखिए होता है क्या।”
यह बयान ऐसे समय आया है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग को लेकर विपक्षी दलों ने विरोध तेज किया है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों और संगठनों ने चुनाव आयोग से जुड़े विभिन्न फैसलों पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किए हैं। वहीं चुनाव आयोग का कहना है कि आयोग के भीतर अलग-अलग विचार और टिप्पणियां संस्थागत विचार-विमर्श की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं और उसके आदेश कानूनी प्रक्रियाओं के तहत जारी किए गए हैं। इस विवाद के बीच युवाओं से जुड़े संगठनों की गतिविधियों पर भी राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है। 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा भी सामने आई है।