शरद पवार और सुप्रिया सुले ने PM मोदी से मुलाकात की...काले कपड़ों में सांसदों का प्रदर्शन...CJP से बात करेगी मोदी सरकार
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नीट (NEET) परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बड़े विरोध प्रदर्शन और हंगामे के बीच एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है. एनसीपी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है.
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही शरद पवार और सुप्रिया सुले ने जंतर-मंतर पहुंचकर CJP और प्रदर्शनकारी छात्रों के आंदोलन का खुलकर समर्थन किया था और पुलिस कार्रवाई की निंदा की थी. संसद सत्र के दौरान हुई इस उच्च स्तरीय मुलाकात के बाद कयासों का बाजार गर्म हो गया है.
12 बजे तक लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है. हंगामे के बीच एक बार फिर से सदन का मूल्यवान समय बर्बाद हुआ है. आज मॉनसून सत्र का तीसरा दिन है.
BJP का देशभर में प्रदर्शन आज
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल की कथित अनदेखी के विरोध में बीजेपी आज दोपहर 12 बजे के बाद देशभर में कांग्रेस दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन करेगी.
सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल हस्तक्षेप से किया इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया. याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत से वीडियो देखने और स्वत: संज्ञान लेने का अनुरोध किया था, लेकिन मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि अदालत के पास वीडियो देखने का समय नहीं है.
दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद
दिल्ली में सुरक्षा कारणों की वजह से दिल्ली मेट्रो को 16 स्टेशन बंद कर दिए गए हैं. इसमें इंद्रप्रस्थ, जंतर-मंतर, राजीव चौक, जनपथ, केंद्रीय सचिवालय शामिल है.
विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन
संसद परिसर में विपक्षी सांसद काले कपड़े में प्रदर्शन करते नजर आए. इन लोगों की मांग है कि शिक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जाए और साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें.
CJP ने सरकार को दी चेतावनी, कहा- मांगें नहीं मानीं तो लाखों युवा दिल्ली आएंगे
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा कि 20 जुलाई का प्रदर्शन केवल ‘ट्रेलर’ था और मांगें नहीं मानी गईं तो लाखों युवा दिल्ली आएंगे. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी FIR वापस लेने तक आंदोलन जारी रहेगा. रंका ने यह भी कहा कि संगठन UAPA या NSA के तहत गिरफ्तारी से भी नहीं डरता.
CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती
सूत्रों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां भेजी गई हैं। इनकी तैनाती संवेदनशील इलाकों में की जाएगी ताकि प्रदर्शनों और संसद सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके.