शर्मनाक हरकत: लाइब्रेरी के वॉशरूम में छेद कर छात्राओं के वीडियो बनाने वाला गिरफ्तार
जानें पूरा मामला.
भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में छात्राओं की निजता से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है. गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक निजी लाइब्रेरी के वॉशरूम की दीवार में छेद कर छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में पुलिस ने मकान मालिक के बेटे को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें कथित तौर पर छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं.
पुलिस के मुताबिक गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के लाला नगर के पास किराए के मकान में एक निजी लाइब्रेरी संचालित होती है. यहां विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं. लाइब्रेरी संचालक भरथरी बिंद ने पुलिस को शिकायत दी कि मकान मालिक के शौचालय से सटा हुआ एक कमरा है. आरोप है कि मकान मालिक का बेटा रवि शंकर गुप्ता इसी कमरे से लाइब्रेरी के वॉशरूम पर नजर रखता था और दीवार में छेद करके मोबाइल कैमरे से छात्राओं के वीडियो रिकॉर्ड करता था.
मामले का खुलासा तब हुआ जब लाइब्रेरी के कुछ छात्रों ने कथित तौर पर आरोपी के मोबाइल फोन में कई छात्राओं के अश्लील वीडियो देखे. इसके बाद लाइब्रेरी संचालक ने पुलिस को सूचना दी और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद गोपीगंज पुलिस ने आरोपी रवि शंकर गुप्ता के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया.
गोपीगंज के थानाध्यक्ष सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मोबाइल फोन भी जब्त किया है. आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस अब मोबाइल की जांच समेत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.