Delhi दिल्ली: गृह मंत्रालय ने शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इसे गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। मंत्रालय की अधिसूचना में नेटवर्क पर हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा युवाओं और छोटे अपराधों में शामिल लोगों को आतंकी गतिविधियों की ओर ले जाने की बात भी कही गई है।
नेटवर्क पर 80 से ज्यादा मामले दर्ज
सरकारी जानकारी के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े मामलों में अब तक 80 से अधिक FIR दर्ज हो चुकी हैं। इनमें UAPA के अलावा भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की पहचान वाली ग्रेनेड, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे भी मिलने की जानकारी दी गई है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, इन बरामद सामानों को नेटवर्क के सीमा पार संपर्कों से जोड़कर देखा गया है।
अगस्त में 14 राज्यों में हुई थी कार्रवाई
इससे पहले अगस्त में सुरक्षा एजेंसियों ने नेटवर्क के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। 12 अगस्त को देश के 14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई की गई थी। इस ऑपरेशन में राज्य पुलिस की टीमें भी केंद्रीय एजेंसियों के साथ शामिल थीं। एजेंसियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान नेटवर्क से जुड़े 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई बताया था।
NIA ने भट्टी के ब्राजील में होने की बात कही
राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA के मुताबिक शहजाद भट्टी फिलहाल ब्राजील में छिपा हो सकता है। पंजाब से जुड़े आतंकी हमलों की जांच के दौरान जुलाई में एजेंसी को उसके बारे में यह जानकारी मिलने का दावा किया गया था। NIA के अनुसार भट्टी सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं तक पहुंच बनाता है। इसके बाद उन्हें एक WhatsApp ग्रुप में जोड़कर कथित तौर पर अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
सरकार के अनुसार नेटवर्क केवल आपराधिक गतिविधियों तक सीमित नहीं था। उस पर भारत के लोकतांत्रिक ढांचे और सांप्रदायिक सौहार्द को निशाना बनाने तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नफरत फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने के आरोप भी लगाए गए हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, शहजाद भट्टी नेटवर्क UAPA के तहत सूचीबद्ध आतंकवादी संगठनों में शामिल होने वाला 46वां संगठन है।
Tags: