दिल्ली-NCR में भयंकर तूफान और बारिश, Indigo की फ्लाइट पर गिरे ओले, श्रीनगर में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बुधवार रात मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भयंकर बारिश और तूफान से जनजीवन प्रभावित हो गया. कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, वहीं ट्रैफिक भी बाधित हो गया. दिल्ली के सफदरजंग में 79 KM प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. गाजियाबाद में तेज आंधी के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया. जबकि कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है. बागपत में भी तेज आंधी और बारिश के साथ ओले गिरे. उधर, पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार, भजनपुरा और गोकलपुरी जैसे इलाकों में तेज धूलभरी आंधी चली.
दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E2142 (रेजिस्ट्री VT-IMD) को रास्ते में गंभीर मौसम का सामना करना पड़ा. उड़ान के दौरान, दिल्ली से श्रीनगर के बीच बर्फीली बारिश और ओले गिरे, जिससे विमान में चीख-पुकार मच गई. इस दौरान पायलट ने एटीसी श्रीनगर को इमरजेंसी सूचना दी और फिर इसके थोड़ी देर बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई.
फ्लाइट में कुल 227 यात्री मौजूद थे. खराब मौसम के बावजूद, पायलट और क्रू की सूझबूझ के चलते विमान सुरक्षित रूप से 18.30 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंड कर गया. सभी यात्री और एयरकर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं. हालांकि, विमान के नोज के हिस्से को नुकसान हुआ है. इंडिगो एयरलाइन ने इस विमान को "एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड" (AOG) घोषित कर दिया है, जिससे यह विमान तकनीकी जांच और मरम्मत के लिए बेसप्लेन रहेगा.
अचानक उठे धूल के गुबार से विजिबिलिटी कम हो गई. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज आंधी चली, कई जगहों से पेड़ गिरने की खबरें हैं, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई. दिल्ली में आंधी-तूफान के कारण तापमान में 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक तामपान 37 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. तेज हवाओं के साथ भारी बारिश ने पूरे दिल्ली-NCR क्षेत्र को प्रभावित किया. पालम में 72 KM प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं से कई इलाकों में पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो गई. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के (टर्मिनल-3) पर धूलभरी आंधी चली. इसके बाद तेज बारिश भी हुई.