कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
चिल्लई-कलां की शुरुआत
Jammu जम्मू: चिल्लई-कलां की शुरुआत के साथ ही कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी ने दस्तक दे दी है। सोनमर्ग, गुलमर्ग और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। सूत्रों के अनुसार, सोनमर्ग में भारी बर्फबारी के कारण कई गाड़ियां फंस गईं और यात्रा कठिन हो गई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि वह बिना जरूरी कारण के इन इलाकों की यात्रा न करें। उन्होंने सड़क पर फंसी गाड़ियों को निकालने और यात्रा सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि सड़कें फिसलन भरी और बर्फ से ढकी हुई हैं, इसलिए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। साथ ही, उन्होंने सभी से आवश्यक आपातकालीन किट, गर्म कपड़े और ईंधन लेकर चलने की सलाह दी। चिल्लई-कलां कश्मीर की सबसे सख्त सर्दी का 40 दिनों का दौर होता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान बहुत गिर जाता है और जम्मू-कश्मीर के हिल स्टेशन सहित कई ऊंचाई वाले इलाके बर्फ की चादर से ढक जाते हैं। इसके चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों को कड़ाके की ठंड और यात्रा में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।