डिप्टी जेलर समेत 7 अधिकारी सस्पेंड, सेंट्रल जेल से उम्रकैद का कैदी फरार
कैदी फरार पर कार्रवाई तेज
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। बरेली सेंट्रल जेल से उम्रकैद की सजा काट रहा बंदी दिनेश फरार होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद कारागार विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेलर, डिप्टी जेलर और हेड वार्डर समेत कुल 7 अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इस मामले में डीजी जेल पीसी मीना ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी किए हैं। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को लेकर जवाब-तलब किया गया है।
फरार बंदी की पहचान दिनेश पुत्र अरविंद के रूप में हुई है, जो अमरोहा जिले का निवासी है और पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह पिछले लगभग छह वर्षों से जेल में बंद था। जानकारी के अनुसार, जेल परिसर में सोमवार को बंदियों से कृषि कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान दिनेश सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब कैदियों की गिनती की गई तो एक बंदी कम पाया गया, जिसके बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया गया। फरार कैदी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। जेल प्रशासन की लापरवाही को गंभीर मानते हुए डीजी जेल ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस फरार कैदी की तलाश में जुटी हुई है।